मावा खोया सूजी की गुझिया रेसिपी ~ मावा सूजी की गुझिया खाने में बहुत ही स्वादिष्ट होता है| उत्तर भारत में ज्यादातर होली के मौके पर हर किसी के घर गुझिया बनाई जाती है| होली के त्यौहार पर गुझिया बनाने की परम्परा उत्तर प्रदेश से शुरू हुयी है और वर्तमान में देश के हर क्षेत्र के साथ साथ विदेशों में भी रहने वाले भारतियों के द्वारा बनायीं जाती है| वैसे तो गुझिया बहुत से प्रकार के होते है जैसे- ड्राई फ्रूट्स की गुझिया, चॉकलेट्स की गुझिया, बेसन की गुझिया, मकई के आटे की गुझिया व आटे की गुझिया आदि| आज हम मावा सूजी की गुझिया तैयार करेंगे|
मावा खोया सूजी की गुझिया रेसिपी एक दृष्टी में|
- वर्गीकरण- शाकाहारी/ त्योहारी व्यंजन
- बनाने में लगने वाला समय- 30 मिनट
- सहायक व्यंजन- कोई नमकीन शेव, सुहाल व पापड़
मावा सूजी की गुझिया बनाने के लिए आवश्यक सामग्री|
- मैदा 300 ग्राम
- मावा 150 ग्राम
- सूजी 50 ग्राम
- काजू 1 टेबल स्पून
- चिरौंजी 1 टेबल स्पून
- किशमिश 1 टेबल स्पून
- बादाम एक चम्मच पतली स्लाइसेस
- सूखा नारियल 1 टेबल स्पून कद्दूकस किया हुआ
- इलायची 2 पिसे हुए
- चीनी/शक्कर 100 ग्राम
- घी 1 स्पून ( आटा के मयन के लिए )
- घी या तेल 250 ग्राम तलने के लिए
मावा सूजी के गुझिया बनाने की विधि|
चरण 1
सबसे पहले मैदे को चलनी से छान कर एक बाउल में रखे फिर उसके बाद उसमे एक चम्मच घी डाल कर हल्का गुनगुने पानी से मैदे को आंटे जैसा गुथ लेंगे और 30 मिनट के लिए सूती कपडे या किचन तोवेल से ढक कर रख देंगे|
चरण 2
अब एक कड़ाही को गर्म कर उसमे सूजी को हल्का लाल होने तक भुन लेंगे, (ध्यान रहे सूजी ज्यादा लाल न हो नहीं तो कडवे स्वाद का हो जायेगा जिससे गुझिय का स्वाद बिगड़ जायेगा) और एक तरफ ठंडा होने के लिए रख देंगे|
चरण 3
इसके बाद अब कड़ाही या पैन में मावा को लाल और सोंध भुन लेंगे तथा ठंडा होने के लिए इसे भी एक बाउल निकाल लेंगे|
उसके बाद अब मावा वाली बाउल में सूजी, सुखा नारियल, काजू, बादाम, किशमिश, चिरौजी, पिसा हुआ इलायची और पिसा हुआ चीनी (शक्कर) डाल कर अच्छे से मिक्स कर लेंगे|
चरण 4
मैदे के आंटे को बेल लेंगे और कटोरी या ग्लास से वृताकार काट लेंगे और उसके बाद उसमे एक से डेढ़ चम्मच मावा मिश्रण को डाल कर स्टफ कर गुझिया का आकार देंगे (अगर हाथ से आकार देना संभव नहीं हो तो आप बाज़ार से गुझिया फ्रेम ले लें)
चरण 5
अब कड़ाही में गुझिया को तलने के लिए तेल या घी को गर्म करेंगे और थोड़े थोड़े मात्रा में गुझिया को मध्यम आंच पर तलना शुरू करेंगे| (गुझिया को ज्यादा लाल नहीं होने देना है क्योकि ज्यादा लाल होने से गुझिया के अन्दर कडवापन आ जाता है)
चरण 6
हमारा मावा सूजी की गुझिया बन कर तैयार हो चुकी है| आप इसे होली के मौके पर दोस्तों, रिश्तेदारों मेहमानों व पड़ोसियों को खिला सकते है| गुझिया को बना कर अगले कुछ दिनों तक रखा जा सकता है तथा आप कही यात्रा पर जा रहे हो तो इसे अपने बैग में रख सकतें है| अगर आप चाहे तो लंच बॉक्स के साथ ऑफिस भी ले जा सकतें हैं|
नोट:- गुजिया के साथ प्लेट में कुछ नमकीन रखे, खाने का मजा दुगना हो जाता है|
धन्यवाद|